मुंबई, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम किंग्स इलेवन पंजाब के आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन ने साथी गेंदबाजों अनुरीत सिंह और संदीप शर्मा की सराहना करते हुए कहा कि वे टीम को हमेशा अपना शत प्रतिशत प्रदान करते हैं।
किंग्स इलेवन ने रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में हुए आईपीएल-8 के आठवें और अपने दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस को 18 रनों से मात दे दी।
किंग्स इलेवन की इस जीत में संदीप शर्मा की कसी हुई गेंदबाजी का काफी योगदान रहा।
जॉनसन ने मैच के बाद कहा, “मैं संदीप और अनुरीत से काफी प्रभावित हूं। उन्हें कठिन अभ्यास किया और मैच में अपना शत प्रतिशत दिया। जब मैच में अपना सब कुछ झोंक देने की बात हो तो आप उन पर कोई इलजाम नहीं लगा सकते।”
विश्व कप चैम्पियन आस्ट्रेलियाई टीम का अहम हिस्सा रहे जॉनसन ने कहा, “वे धीरे-धीरे अधिक अनुभव हासिल करते जा रहे हैं और वे जितना अधिक खेलें उनके लिए उतना ही अच्छा है।”
जॉनसन के अनुसार इस बार दोनों बल्लेबाज अच्छी गति हासिल करने में भी सफल रहे हैं। गौरतलब है कि संदीप आईपीएल के पिछले संस्करण में किंग्स इलेवन के सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।
भारतीय विकेटों के बारे में जॉनसन ने कहा, “यह अच्छा बदलाव है। आप अमूमन भारत में विकेटों पर इतनी घास नहीं देखते। हरी घासयुक्त पिच और उनसे मिल रही स्विंग को देखकर अच्छा लगा।”
dharmpath.com dharmpath