रियो डी जनेरियो, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्व दिग्गज फुटबाल खिलाड़ी पेले के पुत्र एडिन्हो को ब्राजीलियाई क्लब मोगी मिरिम का नया कोच नियुक्त किया गया है। यह क्लब ब्राजीलियाई सेरी-बी लीग में खेलता है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, क्लब के अध्यक्ष और पूर्व ब्राजीलियाई खिलाड़ी रिवाल्डो ने सोशल साइट फेसबुक के जरिए इसकी घोषणा की।
रिवाल्डो ने लिखा, “एडिन्हो ने क्लब सांतोस में रहते हुए कई महान कोचों के साथ बतौर सहायक कार्य किया है और मुझे विश्वास है कि वह हमारे साथ जुड़ कर मोगी के लिए अच्छा काम करेंगे।”
पिछले हफ्ते बोटाफोगो से मिली 1-3 की हार के बाद क्लॉडिन्हो बातिस्ता को मोगी मिरिम क्लब के कोच पद से हटा दिया गया था।
मोगी से जुड़ने से पहले एडिन्हो सांतोस क्लब में सहायक कोच के तौर पर नियुक्त थे, जहां उनके पिता पेले ने वर्ष 1956 से 1974 के बीच खेले 1,116 मैचों में 1,091 गोल किए।
dharmpath.com dharmpath