अहमदाबाद, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ रविवार को 76 रनों की नाबाद पारी खेल राजस्थान रॉयल्स की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने कहा कि वह पूरे मैच के दौरान अपनी बल्लेबाजी का आनंद उठा रहे थे।
सुपरकिंग्स ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए। रहाणे की शानदार पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 10 गेंद शेष रहते दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
रहाणे अपने दमदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुने गए।
मैच के बाद रहाणे ने कहा, “मैं क्रीज में बल्लेबाजी का आनंद उठा रहा था। कप्तान शेन वाटसन के साथ पारी की शुरुआत करना अच्छा अनुभव रहा। वह लगातार गेंदबाजों पर दबाव बना रहे थे। मेरी कोशिश उन्हें ज्यादा से ज्यादा स्ट्राइक देने की थी।”
वाटसन ने इस मैच में 47 गेंदों में 73 रनों की पारी खेली और रहाणे के साथ पहले विकेट के लिए 144 रनों की साझेदारी की।
रहाणे ने कहा कि वह मुख्य रूप से सहायक बल्लेबाज के तौर पर भूमिका निभाना पसंद करते हैं और उनकी कोशिश विकेट पर ज्यादा समय बिताने की होती है।
dharmpath.com dharmpath