नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 2012-13 में पर्यटन उद्योग का योगदान 6.88 फीसदी रहा। यह जानकारी सोमवार को सरकार ने दी।
केन्द्रीय पर्यटन, संस्कृति और नागर विमानन राज्य मंत्री महेश शर्मा ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि 2012-13 में जीडीपी में पर्यटन उद्योग का योगदान 6.88 फीसदी रहा है।
उनके द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक 2011-12 में जीडीपी में पर्यटन का योगदान 6.76 फीसदी रहा था।
उन्होंने भारत में पर्यटकों के आगमन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन मंत्रालय द्वारा उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी, जो इस प्रकार हैं :
1. 44 देशों के नागरिकों के लिए ई-पर्यटन वीजा की शुरुआत।
2. दुनियाभर में अतुल्य भारत अभियान के जरिए कुछ गंतव्य स्थलों को बढ़ावा।
3. प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन, यात्रा मेलों तथा प्रदर्शनियों में भाग लेना।
4. पर्यटन स्थलों और प्रमुख पर्यटन बाजारों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए रोड शो आयोजित करना।
5. ‘आला पर्यटन’ उत्पादों का विकास और उनको बढ़ावा देना।
6. आतिथ्य और पर्यटन के क्षेत्र में प्रशिक्षित कामगारों का पूल बनाना ताकि पर्यटकों को अच्छी सेवाएं दी जा सके।
7. 2 वर्षो में एक बार अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन का आयोजन करना ताकि बौद्ध धर्म की विरासत दिखाई जा सके। हर वर्ष पूर्वोत्तर की पर्यटन संभावनाओं को पदर्शित करने के लिए अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मार्ट का आयोजन।
dharmpath.com dharmpath