लखनऊ , 21 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने अमेठी में बस में भीषण आग लगने से दम तोड़ने वाले यात्रियों और गंभीर रूप से घायल लोगों के प्रति गहरा दुख प्रकट किया है और मांग की है कि इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को सरकार 10 लाख रुपये का मुआवजा दे।
खत्री ने गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की। खत्री ने कहा कि इस हादसे की जांच कराई जाए और दोषियों को दंडित किया जाए साथ ही घायलों का नि:शुल्क इलाज कराया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने मथुरा और अन्य जगहों पर ओलावृष्टि से हुए फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को राज्य सरकार द्वारा दिए गए चेकों के बाउंस होने पर भी गंभीर चिंता जाहिर की।
खत्री ने कहा कि यह किसानों के सााथ किया गया भद्दा मजाक है। किसान वैसे भी अपनी फसलों के नष्ट होने के कारण जगह-जगह पर सरकारी उदासीनता के कारण आत्महत्या कर रहा है। प्रदेश सरकार उसके जख्मों पर नमक छिड़ककर किसानों का अपमान कर रही है।
उन्होंने कहा कि आश्चर्य की बात है कि राज्य सरकार के चेक बैंकों में पर्याप्त राशि न होने के कारण बाउंस हो रहे हैं। इससे पता चलता है कि प्रदेश सरकार किसानों को सहायता देने के प्रति किस कदर उदासीन है। अगर राहत राशि सरकारी बैंकों में नहीं पहुंचाई गई है तो राज्य सरकार को राहत राशि के चेक देकर किसानों के साथ ऐसा भद्दा मजाक करने का कोई हक नहीं है।
dharmpath.com dharmpath