नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के एक रिहायशी इलाके में बुधवार को तीन मंजिला इमारत में गैस सिलिंडर विस्फोट के बाद इमारत ढह गई। इस हादसे में 20 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए।
मृतक की पहचान आनंद शशिनाथ के रूप में की गई है।
घटना पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर में सुदर्शन पार्क इलाके में सुबह लगभग 7.45 बजे हुई।
पुलिस ने बताया, “बचाव और राहत कार्य जारी है। घटनास्थल से लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, लेकिन एक बच्चे के मलबे में दबे होने की आशंका है।”
पुलिस ने बताया कि मृतक और घायल हुए लोग इमारत में किराए के मकान पर रहते थे। घायलों में एक महिला और तीन बच्चे भी शामिल हैं।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “एक तीन मंजिला इमारत में गैस सिलिंडर में विस्फोट होने के बाद इमारत ढह गई। बचाव और राहत कार्य जारी है।”
dharmpath.com dharmpath