बार्सिलोना, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी फुटबाल क्लब बार्सिलोना ने फ्रांस के पेरिस सेंट जर्मेन (पीएसजी) को 2-0 से हराकर चैम्पियंस लीग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। बार्सिलोना ने पहले चरण में पीएसजी को 3-1 से हराया था।
पिछले आठ सालों में बार्सिलोना सातवीं बार सेमीफाइनल में पहुंचा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, दूसरे चरण में मंगलवार रात हुए इस मुकाबले में ब्राजीलियाई स्टार नेमार ने दोनों गोल किए। यह दोनों गोल उन्होंने मैच के पहले हाफ में किए।
बार्सिलोना की ओर से मैच का पहला गोल 14वें मिनट में किया गया। आंद्रे इनिस्ता ने दो मिडफील्डरों को छकाते हुए एक शानदार पास नेमार को दिया और उन्होंने बिना कोई गलती किए गेंद गोलपोस्ट में डाल दी।
इसके बाद मध्यांतर से ठीक पांच मिनट पहले नेमार ने दूसरा गोल कर बार्सिलोना को 2-0 से आगे किया।
आखिरी मिनट में भी बार्सिलोना की ओर से लियोनेल मेसी ने एक और शानदार आक्रमण किया लेकिन गेंद गोलपोस्ट के बगल से मैदान से बाहर चली गई।
dharmpath.com dharmpath