ब्रसेल्स, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संयुक्त राष्ट्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की मांग की प्रतिध्वनि यूरोपीय संसद तक पहुंच गई है। इसीलिए दुनिया की सबसे बड़ी विधायी संस्था में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गुरु श्री श्री रविशंकर के नेतृत्व में एक प्रमुख योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
‘द योग वे’ नामक इस कार्यक्रम का आयोजन ब्रसेल्स स्थित भारतीय दूतावास द्वारा भारत संग संबंधों के लिए यूरोपीय संसद के प्रतिनिधिमंडल के सहयोग से किया गया।
श्री श्री रविशंकर के संवादमूलक सवाल-जवाब सत्र और आराम ध्यान अभ्यास कार्यक्रम में मौजूद लोग लाभान्वित हुए। इस कार्यक्रम में यूरोपीय संसद के सदस्य, यूरोपीय संसद के अधिकारी और विभिन्न देशों के राजदूत मौजूद रहे।
21 जून को योग दिवस के आयोजन से पहले पूर्वावलोकन कार्यक्रम के तहत श्री श्री रविशंकर को योग पर बोलने और एक ध्यान सत्र का आयोजन करने के लिए बुलाया गया था।
यूरोपीय संघ, बेल्जियम और लक्समबर्ग में भारतीय राजदूत मंजीव सिंह पुरी के कहने पर यूरोपीय संसद के सभी राजनीतिक समूहों के सदस्यों ने इस कार्यक्रम का समर्थन किया। यह पहली बार हुआ है कि यूरोपीय संसद में किसी कार्यक्रम के लिए सभी राजनीतिक समूहों के सदस्यों ने एक साथ अनुनाद किया हो।
मंजीव सिंह और यूरोपीय संसद के सदस्य जेफ्री वान ऑर्डन, निर्ज देव, नीना गिल, जो लेनिन और आलोज पीटर्ले ने श्री श्री रविशंकर की अगवानी की।
भारत के साथ संबंधों के प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष वान ऑर्डन ने मेहमानों का स्वागत किया और कहा कि प्रतिनिधिमंडल यूरोपीय संसद में योग कार्यक्रम का आयोजन कर खुश हैं।
यूरोपीय संसद से सबसे बड़े राजनीतिक समूह यूरोपियन पीपुल्स पार्टी ने एक बयान जारी कर कहा, “श्री श्री की यूरोपीय संसद में उपस्थिति यूरोपीय नेताओं के लिए परस्पर सांस्कृतिक बातचीत के लिए सच्ची प्रेरणा है, जिससे अहिंसात्मक समाज का निर्माण होगा।”
dharmpath.com dharmpath