नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह विरोध प्रदर्शन बुधवार को दिल्ली में ही आम आदमी पार्टी (आप) की रैली के दौरान राजस्थान के किसान द्वारा खुदकुशी करने के विरोध में किया।
अधिकारियों ने बताया कि करीब 100 कार्यकर्ता केजरीवाल के सिविल लाइन्स स्थित आवास के करीब जमा हुए और नारेबाजी की तथा बैनर लहराया। बैनर पर लिखा था-आप किसान गजेंद्र की मौत का जिम्मेदार है।
कार्यकर्ताओं ने कहा, “उन्होंने किसान की खुदकुशी के बावजूद अपना भाषण जारी रखा।”
प्रदर्शनकारियों ने भी पोस्टर जलाए।
दिल्ली पुलिस के उपायुक्त मधुर वर्मा ने आईएएनएस को बताया कि वहां करीब 100 प्रदर्शनकारी थे।
उन्होंने कहा, “वे यह दावा कर रहे थे कि यह एक षडयंत्र है और कहा कि आप नेता ने अपना भाषण जारी रखा,जबकि उधर किसान मर रहा था।”
वर्मा ने कहा कि इलाके की नाकेबंदी कर रखी थी और सुरक्षा के सारे कदम उठाए गए थे।
गौरतलब है कि किसान गजेंद्र ने बुधवार को जंतर मंतर पर आप की किसान की रैली के दौरान पेड़ से फंदा लगा कर जान दे दी थी।
उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था।
dharmpath.com dharmpath