नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य दिल्ली में हुई रैली के दौरान राजस्थान के एक किसान की खुदकुशी मामले में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर प्रदर्शन किया जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे।
दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने यह प्रदर्शन बुधवार को दिल्ली में ही आम आदमी पार्टी (आप) की रैली के दौरान राजस्थान के किसान गजेंद्र सिंह द्वारा सरेआम खुदकुशी करने के विरोध में किया।
अधिकारियों ने बताया कि कांग्रेस के करीब 100 कार्यकर्ता केजरीवाल के सिविल लाइन्स स्थित आवास के करीब जमा हुए और नारेबाजी की तथा बैनर लहराया। बैनर पर लिखा था-आप किसान गजेंद्र की मौत का जिम्मेदार है।
कार्यकर्ताओं ने कहा, “उन्होंने किसान की खुदकुशी के बावजूद अपना भाषण जारी रखा।”
दिल्ली पुलिस के उपायुक्त मधुर वर्मा ने आईएएनएस को बताया कि वहां करीब 100 प्रदर्शनकारी थे।
उन्होंने कहा, “वे यह दावा कर रहे थे कि यह एक षडयंत्र है और कहा कि आप नेता ने अपना भाषण जारी रखा,जबकि उधर किसान मर रहा था।”
इधर, भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर जमा हुए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
आधिकारिक सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि उन्हें आईटीओ चौराहे के पास स्थित मुख्यालय की इमारत से हटाने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल करना पड़ा।
गौरतलब है कि फसल की बर्बादी से परेशान राजस्थान के किसान गजेंद्र अपनी बात सुनवाने के लिए केजरीवाल की किसान रैली में शामिल हुआ था, लेकिन जब किसी ने उसकी अपील नहीं सुनी, उसने रैली के दौरान पेड़ से फंदा लगा कर जान दे दी।
इस घटना के बाद भी रैली चलती रही। दिल्ली पुलिस ने इस मामले की पूरी रिपोर्ट गृह मंत्रालय को सौंप दी है।
dharmpath.com dharmpath