महिलाओं को सशक्त करेगा बर्ड फाउंडेशन

नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए काम कर रही बर्ड फाउंडेशन ने नेटवर्क एंड अलायंस फॉर नॉन प्रॉफिट एक्टिविटी एंड नॉलेज (एनएएनएके) के साथ साझेदारी की है और ग्रामीण भारत की महिलाओं के सशक्तीकरण करने के लिए ‘संदर्शिका’ नामक पहल की शुरुआत की है।

संदर्शिका एक प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य पेशेवर कौशल के माध्यम से ग्रामीण लिंगानुपात को पाटना है। पर्यटन, आत्मरक्षा तथा व्यक्तित्व विकास में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को बर्ड अकादमी में प्रशिक्षकों ने तैयार किया है।

राष्ट्रीय राजधानी की प्रयास सोशल वेलफेयर सोसायटी में वर्तमान में 17 दिनों का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 24 अप्रैल को समाप्त होगा, जिसके बाद प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किया जाएगा। इस मौके पर केंद्रीय सांस्कृतिक व पर्यटन राज्य मंत्री महेश शर्मा व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद मीनाक्षी लेखी मौजूद रहेंगी।

बर्ड समूह की अध्यक्ष राधा भाटिया ने कहा, “हमारा यही मानना है कि महिलाओं को आर्थिक व सांस्कृतिक क्षेत्र में समान अधिकार मिलना चाहिए। इस पहल से हम महिलाओं को पेशेवर कौशल प्रदान कर उन्हें सशक्त करेंगे, ताकि वे अपना जीविकोपार्जन खुद कर सकें।”

इस पहल के तहत कुल 27 महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया है, जो बिहार तथा उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों व विभिन्न पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखती हैं। इनमें गृहिणी, ब्यूटिशियन तथा पूर्व खिलाड़ी महिलाएं शामिल हैं।

बर्ड फाउंडेशन की स्थापना 1971 में खासकर महिलाओं को सशक्तीकरण में मदद के लिए की गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493