नेपाल में महाराष्ट्र के करीब 1,000 पर्यटक फंसे

मुंबई, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। भूकंप प्रभावित नेपाल में महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से गए तकरीबन 800-1,000 पर्यटकों और पर्वतारोहियों के फंसे होने की खबर है। सरकार के एक शीर्ष अधिकारी ने रविवार को बताया कि सभी नागरिक हालांकि सुरक्षित हैं।

महाराष्ट्र सदन के अतिरिक्त आवासीय आयुक्त समीर सहाय नई दिल्ली में राज्य सरकार की ओर से राहत एवं बचाव कार्य का समायोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 200 फंसे हुए लोगों का नियंत्रण कक्ष से संपर्क हो चुका है।

सहाय ने आईएएनएस से कहा, “बदले में उन्होंने हमें बताया कि उन्होंने अपने सभी जानने वालों, अथवा उनके परिजनों, समूहों और पर्यटक सुविधा देने वालों से संपर्क कर लिया है। यद्यपि हम सटीक आंकड़े तो नहीं बता सकते लेकिन वहां पर महाराष्ट्र के 800-1000 लोग मौजूद हो सकते हैं और सभी सुरक्षित हैं।

सहाय ने कहा, “नेपाल से भारतीयों को लेकर आने वाले विमानों ने भारत पहुंचना शुरू कर दिया है और विदेश मंत्रालय ने आज (रविवार) 2,000 लोगों को बाहर निकालने की योजना बनाई है। नेपाल में फंसे महाराष्ट्र के लोगों की संख्या की जानकारी बाद सार्वजनिक की जाएगी।”

दुनिया की 10वीं सबसे ऊंची चोटी माउंट अन्नपूर्णा (26,545 फीट की ऊंचाई पर स्थित) की चढ़ाई पर गए महाराष्ट्र के 15 पर्वतारोहियों का एक दल भी भूकंप के कारण नेपाल में फंसा हुआ है। हालांकि सभी पर्वातारोही सुरक्षित काठमांडू पहुंच गए है।

समूह के एक अधिकारी ने कहा, “वे सभी वरिष्ठ बिक्री कर अधिकारी हैं, जिनमें तीन संयुक्त आयुक्त और 12 उप-आयुक्त शामिल हैं। उनकी इस कठिन समय में सहायता करने के लिए हम मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के शुक्रगुजार हैं।”

मुंबई स्थित महाराष्ट्र नियंत्रण कक्ष के अनुसार मुंबई के करीब 70 पर्यटक, नासिक के 74, पुणे के 25 और सतारा के चार लोग यहां पर अधिकारियों के संपर्क में बने हुए हैं।

जिलावार आपदा प्रबंधन इकाइयों ने भी काम करना शुरू कर दिया है और भूकंप के कारण नेपाल में फंसे लोगों की सहायता करने के लिए प्रयास कर रहे हैं।

इसी बीच श्रीश्री रविंशकर के एक प्रवक्ता ने कहा कि उनकी टीम नेपाल में पीड़ितों को चिकित्सकीय सहायता, राहत सामग्री और अन्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर रही है। जबकि नेपाल स्थित इसके केंद्र को राहत एवं बचाव केंद्र में परिवर्तित कर दिया गया है।

रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के प्रवक्ता मयूर बोरकर ने कहा कि उनकी पार्टी नेपाल में भूकंप पीड़ितों के लिए खाना, पानी और कपड़ों से भरे एक ट्रक को भेजेगी। उन्होंने मुंबई में रहने वाले लोगों से आग्रह किया कि वे जो कुछ भी दान कर सकते हैं करें।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493