गुवाहाटी, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को भरोसा जताया कि अगले साल होने वाले असम विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी जीतेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केवल भाजपा ही पड़ोसी देश बांग्लादेश से अवैध आप्रवासन की समस्या को सुलझा सकती है।
पूर्वोत्तर राज्यों के आठ दिवसीय दौरे के अंतिम पड़ाव में यहां पहुंचे शाह ने असम के लोगों से अपील की कि वह उनकी पार्टी को अपना मत दें और बांग्लादेश से अवैध आप्रवासन की समस्या से निजात पाएं।
यहां पर एक सार्वजनिक सभा में उन्होंने कहा, “बांग्लादेश से अवैध आप्रवासियों को केवल भाजपा ही रोक सकती है। असम के लोगों ने पूर्व में कई लोगों को मौका दिया है। मेरी आपसे गुजारिश है कि आप भाजपा को केवल एक मौका दें और हम असम को देश के सबसे विकसित राज्यों में से एक बना देंगे।”
केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की प्रमुख विशेषता यह है कि अभी तक कोई भी भ्रष्टाचार का मामला सामने नहीं आया है, जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में हर दिन एक नया घोटाला सामने आता था।
उन्होंने दावा किया, “संप्रग सरकार ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि को नियंत्रित करने का वादा किया था। वह 10 साल तक सत्ता में रही, लेकिन अपने वादे पूरे करने में विफल रही। राजग सरकार को केंद्र की सत्ता संभाले अभी केवल नौ महीने ही हुए हैं और हम कीमतों को नियंत्रित करने में सक्षम हैं। वास्तव में संप्रग सरकार बढ़ती कीमतों को कम करना ही नहीं चाहती थी।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद से देश के सुरक्षा परिदृश्य में सुधार हुआ है।
dharmpath.com dharmpath