श्रीनगर, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में सोमवार को भारी बारिश हुई, जिससे श्रीनगर में कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई।
बारिश के कारण श्रीनगर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं, तथा नाले और नालियां उफन आईं।
पर्यटकों के भीड़-भाड़ वाले बोलेवार्ड मार्ग का कुछ हिस्सा भी बारिश के पानी में डूब गया। सरकारी विभाग ने हालांकि मार्ग से तत्काल पानी निकाल दिया।
श्रीनगर की सड़कों पर जलजमाव के कारण यातायात जाम की स्थिति बन गई।
जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को सुबह 8.30 बजे तक 14.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
श्री प्रताप विद्यालय में अध्यापक नजीर अहमद ने शिकायती लहजे में कहा, “शहर की स्थिति देख लीजिए। सिर्फ एक दिन की बारिश में चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल है।”
श्रीनगर के ही रहने वाले सब्बीर फराज ने कहा, “पिछले साल आई बाढ़ के बाद स्थिति और खराब हुई है।”
पुराने शहर के ईदगाह में कुशाल सर झील भी लगातार बारिश के कारण उफन आई है।
मौसम विज्ञान विभाग ने जम्मू एवं कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में अगले 24 घंटों में मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान जाहिर किया है।
कुपवाड़ा जिले में सर्वाधिक 31.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। रविवार रात से ही यहां बारिश जारी है।
पहलगाम में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री तथा गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath