दूरसंचार कंपनियों ने भूकंप प्रभावितों के लिए कॉल दरें घटाई

नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय दूरसंचार कंपनियों ने नेपाल के भूकंप प्रभावितों और उनके परिजनों को मदद पहुंचाने के लिए अपनी कॉल दरें घटा दी हैं।

इन कंपनियों ने भारत में कहीं से भी नेपाल के लिए की जाने वाली कॉल दरें घटाकर एक रुपये प्रति मिनट या मुफ्त कर दी है। घटी हुई दरें अगले दो-तीन दिनों तक लागू रहेंगी।

वोडाफोन इंडिया ने कहा कि नेपाल के लिए की जाने वाली सभी कॉल की दर तत्काल प्रभाव से 28 अप्रैल को सुबह 10 बजे तक 12 रुपये प्रति मिनट की सामान्य दर की अपेक्षा एक रुपया प्रति मिनट रहेगी।

वोडाफोन इंडिया द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, “स्थानीय समुदाय और नेपाल के लोगों को मदद पहुंचाने की कोशिश के तहत वोडाफोन इंडिया ने घोषणा की है कि भारत में कहीं से भी नेपाल के लिए की जाने वाली कॉल की दर स्थानीय कॉल दर के बराबर रहेगी।”

भारती एयरटेल ने कहा, “संकट की इस घड़ी में एक छोटी कोशिश के रूप में हमने अगले 48 घंटे के लिए भारत से नेपाल में एयरटेल नेटवर्क पर मुफ्त कॉल सुविधा देने का फैसला किया है, जो शनिवार मध्य रात से लागू होगी। इससे पूरे देश के ग्राहकों नेपाल में अपने मित्र और परिवार जनों से संपर्क स्थापित करने में सुविधा होगी।”

सरकारी दूरसंचार कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने एक बयान जारी कर कहा, “बीएसएनएल अगले तीन दिनों के लिए अपने नेटवर्क (लैंडलाइन और मोबाइल फोन) से नेपाल के लिए किए जाने वाले सभी कॉल को स्थानीय कॉल के रूप में किए जाने की अनुमति देने की घोषणा करता है, जो 25 अप्रैल 2015 से प्रभावी होगी।”

बीएसएनएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक अनुपम श्रीवास्तव ने कहा, “बीएसएनएल के इस कदम से भारत में रहने वाले नेपाल के लोगों को इस घड़ी में नेपाल में अपने परिजनों के बारे में स्थानीय कॉल दरों पर जानने में मदद मिलेगी। इससे भारतीय नागरिकों को भी मदद मिलेगी, जिनके परिजन नेपाल में पर्यटक के रूप में गए हुए हैं। वे बीएसएनएल नेटवर्क पर स्थानीय कॉल दर पर उनसे संपर्क कर सकते हैं।”

एमटीएस इंडिया 25 अप्रैल को 11 बजे रात से अपने नेटवर्क से नेपाल के लिए किए जाने वाले कॉल को स्थानीय कॉल के रूप में देख रही है, जिसकी दर एक रुपये प्रति मिनट है।

कंपनी ने कहा, “यह अगले 48 घंटे के लिए किया गया है। कंपनी ने अपने सभी ग्राहकों को एक एसएमएस के जरिए इस विशेष दर की सुविधा की सूचना दी है।”

आईडिया सेल्युलर ने भी कहा है कि उसके नेटवर्क से नेपाल के लिए किए जाने वाली कॉल को स्थानीय कॉल के रूप में देखा जाएगा।

आईडिया ने एक बयान जारी कर कहा, “आईडिया सेल्युलर नेपाल के लिए की जाने वाली सभी कॉल पर सिर्फ एक रुपये प्रति मिनट की दर से शुल्क लेगा, जो सामान्य तौर पर 12 रुपये प्रति मिनट है। यह सुविधा 25 और 26 अप्रैल की दरम्यानी रात से 28 अप्रैल, 2015 की सुबह तक के लिए प्रभावी रहेगी।”

मुफ्त कॉल, टेक्स्ट और तस्वीर साझा करने वाले एप्लीकेशन वाइबर ने वाइबर आउट बिलिंग को बंद कर दिया है, ताकि नेपाल के उपयोगकर्ता दुनिया में कहीं भी मोबाइल और लैंडलाइन नंबर पर अगले 48 घंटे के लिए मुफ्त कॉल कर सकें।

नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप में मृतकों की संख्या 3,300 से अधिक पहुंच गई हैं। साथ ही करीब 6,500 लोग घायल हुए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493