नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने सोमवार को नेपाल और भारत में विनाशकारी भूकंप का शिकार हुए लोगों के प्रति संवेदना जाहिर की और कहा कि सरकार संकट की घड़ी में अपने तथा पड़ोसी नेपाल के लोगों के साथ खड़ी है।
लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को राहत एवं बचाव कार्य के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन मैत्री’ का ब्यौरा दिया और पीड़ितों तक हर संभव मदद पहुंचाए जाने का आश्वासन दिया।
राजनाथ ने कहा, “हम भारत और नेपाल में हुई मौतों पर संवेदना जाहिर करते हैं। नेपाल के लोग हमारे परिवार का हिस्सा हैं। मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि भारत संकट की घड़ी में अपने लोगों और नेपाल की जनता के साथ है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से दिखाई गई तत्परता की सराहना करते हुए राजनाथ ने कहा कि हालात का जायजा लेने और राहत कार्य पर चर्चा के लिए तत्काल बैठक बुलाई गई।
गौरतलब है कि शनिवार को नेपाल में 7.9 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें 3,218 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी और 6,500 लोग घायल हो गए।
भारत में रविवार तक भूकंप में मरने वालों की संख्या 60 हो गई है, जबकि यह संख्या बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में बढ़ रही है। ये तीनों राज्य शनिवार और रविवार को आए भूकंप में सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath