पटना, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल से लेकर उत्तर भारत तक को हिला देने वाले भूकंप से बिहार में मरने वालों की संख्या सोमवार को 57 तक पहुंच गई जबकि 173 लोग घायल हो गए। भूकंप की आशंका के कारण दो दिनों तक विद्यालयों को बंद कर दिया गया है। इस बीच भूकंप झटकों को लेकर लोग दहशत में हैं।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के संयुक्त सचिव सुनील कुमार ने बताया कि भूकंप के कारण हुई क्षति का आकलन करवाया जा रहा है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें बचाव और सर्वे कार्य में जुटी हुई हैं।
पिछले दो दिनों से आ रहे भूकंप के झटके कारण लोग अब भी दहशत में है। आशंका को लेकर लोग सतर्क हैं। भूकंप के मद्देनजर बिहार में सोमवार और मंगलवार को सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों को बंद रखा गया है।
आपदा प्रबंधन विभाग के नियंत्रण कक्ष के अनुसार, भूकंप के कारण राज्य में जानमाल की व्यापक क्षति हुई है। राज्य में भूकंप से मरने वालों की संख्या 57 पहुंच गई है। सबसे अधिक पूर्वी चंपारण जिले में 11 लोगों की मौत हुई है।
इस बीच, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश ने राहत कार्य को लेकर आला अधिकारियों के साथ बैठक की और राहत कार्यो की समीक्षा की।
राज्य सरकार ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये बतौर मुआवजा देने तथा घायलों को मुफ्त इलाज कराने की घोषणा की है। प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री के तौर पर प्रति परिवार एक क्विंटल अनाज के अतिरिक्त 5800 रुपये नकद राशि का भुगतान किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath