काठमांडू, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल में शनिवार के विनाशकारी भूकंप में मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 3,723 हो गई है। सर्वाधिक प्रभावित काठमांडू घाटी में ही अकेले 1,202 लोगों की मौत हो गई है।
नेपाल के गृह मंत्रालय और नेपाल पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि शनिवार को आए 7.9 तीव्रता के भूकंप में देशभर में 6,313 लोग घायल हो गए हैं। नेपाल में 1934 के बाद यह अबतक का सबसे शक्तिशाली भूकंप था।
देश के 25 सर्वाधिक प्रभावित जिलों में काठमांडू में 1,202 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4,228 लोग घायल हो गए।
भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे सोमवार को अपने देश की संवेदना प्रकट करने के लिए काठमांडू पहुंचे।
विभिन्न देशों और दानकर्ताओं की ओर से नेपाल को लाखों डॉलर की सहायता प्रदान की जा रही है।
नेपाल के दूरवर्ती इलाकों में खोज और बचाव दलों के अभी भी पहुंचने की जरूरत है।
भूकंप बाद के झटकों, आवश्यक वस्तुओं के अभाव और असुरक्षा की वजह से यहां आए हजारों लोगों ने काठमांडू छोड़कर जाना शुरू कर दिया है।
dharmpath.com dharmpath