पीड़ितों को राहत पहुंचाने में बिहार सरकार गंभीर नहीं : रामविलास

पटना, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। केन्द्रीय खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री रामविलास पासवान ने यहां सोमवार को कहा कि तूफान और भूकंप पीड़ितों को राहत पहुंचाने के मामले में बिहार सरकार कतई गंभीर नहीं है। उन्होंने बिहार सकार पर संवेदनहीन होने का भी आरोप लगाया।

पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर रहे हैं लेकिन जमीनी हकीकत का उन्हें पता नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को कार से एक-दो प्रभावित गांवों का दौरा करना चाहिए तब जमीनी हकीकत का पता लग सकेगा।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा, “राज्य सरकार द्वारा अभी तक केन्द्र सरकार से किसी प्रकार की सहायता नहीं मांगी गई है। इस मामले में राज्य सरकार को जल्द से जल्द केन्द्र को प्रस्ताव भेज देना चाहिए। केन्द्र सरकार हरसंभव सहायता देने को तैयार है।”

उन्होंने कहा कि वे खुद आठ प्रभावित जिलों का दौरा कर लौटे हैं और दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बिहार की हालत की जानकारी देंगे।

पासवान ने कहा, “पीड़ितों तक सहायता नहीं पहुंच पा रही है। अस्पताल में घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था नहीं है। परिजन घायलों को लेकर इधर-उधर भटक रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि पंजाब के कृषि मंत्री ने बिहार के आपदा प्रभावित इलाकों में राहत कैंप चलाने का प्रस्ताव दिया है, जिसे बिहार सरकार को स्वीकार कर लेना चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493