प्रधानमंत्री द्वारा विदेश में दिए बयानों पर राज्यसभा में हंगामा

नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। इसी माह के प्रारंभ में तीन देशों की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिए गए बयानों पर राज्यसभा में मंगलवार को हंमागा देखने को मिला।

सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ओर के सदस्यों की आवाज गूंज रही थी, जिस कारण भोजनावकाश के पूर्व के सत्र में राज्यसभा तीन बार स्थगित करनी पड़ी।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा की गई टिप्पणियों से देश का अपमान हुआ है। शर्मा का इस मुद्दे पर पूरे विपक्ष ने समर्थन किया।

शर्मा ने कहा, “प्रधानमंत्री ने कुछ बातें कही थी जिस पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता है। सभी प्रधानमंत्रियों ने एक परंपरा को बनाए रखा है, जब भी वे विदेश दौरे पर जाते हैं तो पूरे देश के प्रधानमंत्री की हैसियत से जाते हैं। विपक्ष भी एक परंपरा का निर्वाह करता है, जब प्रधानमंत्री देश से बाहर होते हैं, विपक्ष उनकी निंदा नहीं करता।”

सदन का निर्धारित कार्य रोकने और इस मामले पर चर्चा का नोटिस देते हुए शर्मा ने कहा, “कनाडा में उन्होंने भारत को ‘स्कैम इंडिया’ कहा था। भारत कैसे घोटाला हो सकता है। कुछ गलतियां हुई होंगी लेकिन देश घोटाला नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि वह 60 साल की गंदगी साफ कर रहे हैं। उन्होंने अपने पद की गरिमा कम की है और उन्होंने पूर्व के सभी प्रधानमंत्रियों का अपमान किया है।”

आनंद शर्मा ने कहा, “वह भारत के प्रधानमंत्री की हैसियत से देश के बाहर जाते हैं न कि भाजपा नेता की हैसियत से।” उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी के नेताओं ने भी उनका विरोध किया।

इस मुद्दे पर आनंद शर्मा का साथ जनता दल (युनाइटेड) के नेता शरद यादव, समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव, बहुजन समाज पार्टी की नेता मायावती, तृणमूल कांग्रेस के नेता सुखेंदु शेखर रॉय और मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता तपन कुमार सेन ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विदेश दौरे पर की गई टिप्पणियों का विरोध किया।

सदन के नेता अरुण जेटली ने हालांकि कहा कि अगर प्रधानमंत्री के बयान पर चर्चा होगी तो घोटालों पर भी चर्चा की जाएगी।

जेटली ने कहा, “प्रधानमंत्री ने बयान दिया था कि हम निर्णय प्रक्रिया को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मैं समझता हूं कि कांग्रेस इस प्रक्रिया से नाखुश है।”

उन्होंने कहा, “अगर हम इस पर चर्चा करें तो पिछले 60 सालों में हुए सभी घोटालों पर चर्चा होगी।”

राज्यसभा के उपसभापति पी.जे. कुरियन ने इसके बाद चर्चा के लिए दिए गए नोटिस को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद कांग्रेस के सदस्य अध्यक्ष के आसन के पास पहुंच गए।

इसके बाद सदन को दोपहर तक स्थगित करना पड़ा।

दोबारा से सदन की कार्यवाही शुरू होने पर हालांकि प्रश्नकाल के दौरान भी प्रदर्शन जारी रहा, जिसके बाद सदन के अध्यक्ष एम. हामिद अंसारी ने सदन की कार्यवाही पहले 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी, उसके बाद दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

उल्लेखनीय है कि अपनी कनाडा यात्रा के दौरान टोरंटो में भारतीयों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि वह पहले की गंदगी साफ कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि वह भारत की ‘स्कैम इंडिया’ की छवि को ‘स्किल इंडिया’ में बदलना चाहते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493