राहुल ट्रेन से पंजाब पहुंचे, सुनेंगे किसानों का दर्द (लीड-1)

सरहिंद (पंजाब), 28 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को किसानों का दर्द सुनने के लिए पंजाब के सरहिंद अनाज बाजार पहुंच गए हैं। उन्होंने सरहिंद और खन्ना शहर जाने के लिए दिल्ली से अंबाला जाने वाली सचखंड एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में सफर किया।

पंजाब के किसानों को कठिनाइयों का सामना इसलिए करना पड़ रहा है, क्योंकि सरकारी एजेंसियां अनाज बाजार से उनके गेहूं को नहीं खरीद रही हैं।

राहुल गांधी ने सरहिंद अनाज बाजार में काम कर रहे किसानों और मजदूरों से मुलाकात की और फिर खन्ना अनाज बाजार के लिए रवाना हो गए। खन्ना अनाज बाजार को एशिया का सबसे बड़ा बाजार माना जाता है।

नीले रंग की जींश और गहरे रंग की टी-शर्ट पहने राहुल गांधी सरहिंद और खन्ना शहर जाने के लिए दिल्ली से अंबाला जाने वाली सचखंड एक्सप्रेस के द्वितीय श्रेणी के जनरल डिब्बे से यात्रा करके अंबाला पहुंचे।

राहुल गांधी ने रास्ते में मीडिया को बताया, “मैं रेलगाड़ी में लोगों से बात कर रहा था। उन्होंने बताया कि उनके गेहूं को अनाज बाजार में कोई खरीद नहीं रहा है। मैं किसानों की इसी समस्या का जायाजा लेने के लिए पंजाब जा रहा हूं।”

पूरे पंजाब में किसान सस्ते दामों पर उनके गेहूं को खरीदने का विरोध कर रहे हैं। वे शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गठबंधन वाली सरकार को राज्य में गेहूं खरीद की गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

किसानों ने अमृतसर, मनसा और लुधियाना जिलों में सोमवार से रेलमार्गो को बाधित कर रखा है।

राहुल गांधी जब अंबाला कैंट स्टेशन पर रेलगाड़ी के द्वितीय श्रेणी के जनरल डिब्बे से उतरे तो उन्हें समर्थकों और पार्टी नेताओं ने घेर लिया।

उन्होंने रेलगाड़ी में लोगों विशेष तौर पर किसानों और युवाओं से बातचीत की। उन्होंने युवाओं को ऑटोग्राफ दिए जो कि उन्हें देखने के लिए उत्सुक थे।

इस दौरान दिल्ली से उनके साथ कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया भी थे।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने अंबाला स्टेशन पर उनकी अगवानी की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493