पटना, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के भूकंप पीड़ितों को राहत सामग्री बांटने के साथ ही राज्य सरकार ने नेपाल में फंसे बिहार के लोगों को वापस लाने की मुहिम तेज कर दी है। इसके साथ ही नेपाल में भूकंप पीड़ितों के लिए भी लगातार राहत सामग्री भेजी जा रही है। बिहार से बुधवार को 32 हजार खाने के पैकेट और कंबल नेपाल भेजा गया है।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव ब्यास जी ने बुधवार को बताया कि नेपाल में भूकंप पीड़ितों को लगातार राहत सामग्री भेजी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन बिहार से खाने के पैकेट भेजे जा रहे हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग के नियंत्रण कक्ष के अनुसार, पटना से बुधवार को 27,500 खाने के पैकेट और करीब 5,000 कंबल नेपाल भेजा गया वहीं मुजफ्फरपुर से 5,000 खाने के पैकेट और 1,000 कंबल नेपाल भेजे गए।
आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक सोमवार से नेपाल में भूकंप पीड़ितों के लिए खाने के पैकेट भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों में पूर्वी चंपारण से जहां 20 हजार खाने के पैकेट, 4000 पानी के बोतल नेपाल भेजे गए वहीं पश्चिम चंपारण से 10 हजार खाने के पैकेट और 10 हजार पानी के बोतल भेजे जा चुके हैं।
इसके अतिरिक्त गया से 18 हजार बिस्किट के पैकेट, 9000 मैगी के पैकेट, 3000 पानी के बोतल और 400 कंबल नेपाल भेजा जा चुका है।
इस बीच भूकंप के बाद नेपाल में फंसे लोगों का लौटना जारी है। बुधवार को करीब 2000 लोग नेपाल-बिहार सीमा पर बनाए गए राहत शिविरों में पहुंचे, जिन्हें आवश्यक सुविधा मुहैया कराकर गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath