नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब और महाराष्ट्र के किसानों से मुलाकात करने के बाद शनिवार को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में घर खरीदने वालों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उनकी परेशानियां सुनी।
राहुल ने घर खरीदने वाले 100 से अधिक प्रतिनिधियों से यहां कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में एक घंटे मुलाकात की, फ्लैटों का कब्जा मिलने में हो रहे विलंब के बारे में और बिल्डरों द्वारा किए गए झूठे वादों के बारे में उनकी शिकायतें सुनी।
गांधी ने यहां मीडिया से कहा, “मुझे आज कुछ नई बातें पता चलीं। मैं समझता था कि भूमि के मुद्दे को लेकर केवल किसान और जनजातीय लोग ही पीड़ित हैं। लेकिन मध्य वर्ग की भी यही स्थिति है। उनका भी (रियल एस्टेट विधेयक से पारदर्शिता की धारा हटाकर) उसी तरह शोषण हो रहा है।”
उन्होंने कहा, “घर खरीदने वालों को एक खास क्षेत्रफल का वादा किया जाता है..परियोजना पूरी होने की एक खास समय सीमा बताई जाती है.. खूबसूरत वादी के वादे किए जाते हैं। लेकिन अंत में उन्हें जो मिलता है, वह बिल्कुल अलग होता है।”
गांधी ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि कांग्रेस मध्यवर्ग के साथ है, ठीक उसी तरह जिस तरह वह किसानों, जनजातियों और मजदूरों के साथ है।
dharmpath.com dharmpath