काठमांडू, 2 मई (आईएएनएस)। भूकंप की त्रासदी झेल रहे नेपाल ने चीन, अमेरिका और ब्रिटेन से राहत एवं बचाव कार्य में मदद के लिए और हेलीकॉप्टर भेजने का अनुरोध किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
25 अप्रैल को आए 7.9 तीव्रता वाले भूकंप के कारण नेपाल में अब तक 6,600 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और 16,500 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इसके अलावा लाखों की संख्या में लोगों को विस्थापित होना पड़ा है।
नेपाल सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि चीन, अमेरिका और ब्रिटेन से और हेलीकॉप्टर भेजने का अनुरोध किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि चीन तीन हेलीकॉप्टर भेजेगा। इसके अलावा राहत एवं बचाव कार्य में मदद के लिए ब्रिटेन दो और अमेरिका एक के साथ-साथ राहत सामग्री भी भेजेगा।
नेपाली सेना ने कहा कि नेपाली सेना के आठ और भारतीय वायु सेना के 12 हेलीकॉप्टर अलग-अलग भूकंप प्रभावित हिस्सों में राहत एवं बचाव कार्य में लगाए गए हैं।
पोखरा में दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर और चार अत्याधुनिक हल्के ध्रुव हेलीकॉप्टर भी राहत कार्य में लगाए गए हैं।
इसके अलावा सात निजी हेलीकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है।
dharmpath.com dharmpath