नई दिल्ली, 3 मई (आईएएनएस)। दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार एक दंपति सहित तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं तीन अन्य घायल हो गए।
स्वरूप नगर इलाके में यह दुर्घटना सुबह 4.30 बजे हुई, जब मोटरसाइकिल को एक तेज गति वाहन ने टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान धीरज (32), उसके भाई योगेश (30) और पत्नी मोरकली (28) के रूप में हुई है। वहीं धीरज की दो बेटियां साधना (3) और किरण (2) और पांच वर्षीय बेटा नितिन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस ने कहा कि सभी लोग पास के एक इलाके से एक रिश्तेदार की शादी समारोह में हिस्सा लेने के बाद लौट रहे थे।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “सभी छह लोग एक ही परिवार के थे और एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था।”
पुलिस ने कहा कि यह परिवार उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले का रहने वाला था और दिल्ली के स्वरूप नगर में किराये के मकान में रहता था।
पुलिस ने कहा कि नितिन खतरे से बाहर है, जबकि उसकी बहनों की हालत गंभीर है। लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath