पंजाब : बस में युवती से छेड़छाड़, चालक गिरफ्तार

चंडीगढ़, 4 मई (आईएएनएस)। पंजाब के खन्ना कस्बे के नजदीक बस में एक महिला के साथ एक यात्री द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की शिकायत किए जाने के बाद बस के चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह घटना रविवार को चंडीगढ़ से 60 किलोमीटर दूर खन्ना कस्बे के पास उस समय हुई, जब महिला सरहिंद से साहनेवाल जाने के लिए बस में चढ़ी थी।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया है कि बस में उसके साथ बैठे यात्री ने अचानक उसे छूना शुरू कर दिया, जब महिला ने इसका विरोध किया तो वह उसके पीछे वाली सीट पर बैठ गया और अश्लील टिप्पणियां करने लगा।

पीड़िता ने कहा कि उसने बस चालक और कंडक्टर से इसकी शिकायत की, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया। उसके बाद महिला ने अपने पति को फोन कर इसकी जानकारी दी, जिन्होंने बाद में पुलिस को इसके बारे में सूचित किया।

पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद उस सड़क मार्ग पर नाकेबंदी शुरू कर दी, लेकिन बस रोके जाने के संकेत के बावजूद चालक ने बस नहीं रोकी।

खन्ना जिला पुलिस प्रमुख जी.एस.गिल ने बताया कि पुलिस ने बस का पीछा किया और उसे रोका। चालक जगविंदर सिंह और कंडक्टर कुलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, अभी उस यात्री को गिरफ्तार किया जाना बाकी है।

यह घटना मोगा में एक चलती बस में 13 वर्षीय किशोरी और उसकी मां के साथ छेड़छाड़ कर फेंके जाने के चार दिन बाद हुई है। इस घटना में किशोरी की मौत हो गई थी। जिस बस में इस घटना को अंजाम दिया गया था, वह बस पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की कंपनी की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493