श्रीनगर में पुलिस के साथ व्यापारियों की झड़प

श्रीनगर, 5 मई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में मंगलवार को पुलिस और व्यापारियों के बीच झड़प हुई। व्यापारियों ने पिछले साल आई विनाशकारी बाढ़ के कारण उन्हें हुई क्षति की भरपाई करने में सरकार पर विफलता का आरोप लगाते हुए सचिवालय की ओर रैली निकाली। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारी व्यापारियों के बीच झड़प हो गई।

पुलिस ने व्यापारियों को बादशाह चौक के पास रोक दिया, जिसके परिणामस्वरूप पुलिस और पथराव कर रहे युवाओं में संघर्ष शुरू हो गया।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।

कश्मीर ट्रेडर्स और मैन्यूफैक्चर्स संघ (केटीएमएफ) और अन्य व्यापारिक संगठनों ने मंगलवार को हड़ताल का आह्वान किया था। उन्होंने यह आह्वान जम्मू एवं कश्मीर सरकार की ग्रीष्मकालीन राजधानी स्थित सचिवालय के खुलने पर अपना विरोध जताने के लिए किया था।

केटीएमएफ के अध्यक्ष मोहम्मद यासीन खान ने आईएएनएस से कहा, “सितंबर माह में आई बाढ़ के बाद आठ माह बीत चुके हैं। लेकिन हमारे नुकसान की भरपाई करने में राज्य और केंद्र दोनों सरकारें विफल रही हैं।”

उन्होंने कहा, “विभिन्न बैठकों के बावजूद सरकार हमारे पुनर्वास के लिए कोई ठोस कदम उठाने में विफल रही है। हमें केवल खोखले आश्वासन दिए गए।”

व्यापारियों ने कहा कि राज्य और केंद्र की सरकारें व्यापारियों के खिलाफ पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाती हैं।

एक व्यापारी ने कहा, “हम भिखारी नहीं हैं। बाढ़ आने तक हम सबसे ज्यादा कर चुकाने वाले लोगों में शामिल थे। जब तक हममें से हर किसी का सम्मानजनक तरीके से पुनर्वास नहीं किया जाता हम अपने उद्देश्य की लड़ाई जारी रखेंगे।”

बाढ़ प्रभावित व्यापारी समुदाय ने 30,000 करोड़ रुपये के घाटे का आंकलन किया है।

केटीएमएफ ने कहा कि 2014 में आई बाढ़ में 65,000 से अधिक व्यापारी प्रभावित हुए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493