नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की 100 से अधिक महिला कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने यह प्रदर्शन आप की एक कार्यकर्ता की कुमार विश्वास से उनके रिश्तों पर सफाई देने की मांग पर किया।
प्रदर्शनकारियों ने विश्वास से दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) के समझ पेश होने की मांग की।
उल्लेखनीय है कि आप कार्यकर्ता ने इस मामले पर दिल्ली महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया था, जिसके बाद डीसीडब्ल्यू ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता विश्वास के खिलाफ सम्मन जारी किया था।
प्रदर्शनकारी एक महिला ने कहा, “हमारी मांग है कि कुमार विश्वास को महिला आयोग के समक्ष पेश होना चाहिए और इस मुद्दे पर अपनी सफाई देनी चाहिए। इस मामले पर उनकी चुप्पी से उनकी स्वयं की पार्टी के कार्यकर्ता की जिंदगी प्रभावित हो रही है।”
प्रदर्शनकारी महिला कार्यकर्ता ने कहा, “अगर उनके बीच कुछ नहीं था तो विश्वास को इस मामले पर सफाई देनी चाहिए।”
आप कार्यकर्ता ने विश्वास से आगे आकर यह सफाई देने के लिए कहा है कि उनके बीच कोई रिश्ता नहीं था। हालांकि आप कार्यकर्ता ने कुमार विश्वास के खिलाफ कोई आपराधिक आरोप नहीं लगाए हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे पर केजरीवाल से ध्यान देने की मांग की। साथ ही उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ आरोप लगने के बावजूद उनकी चुप्पी पर केजरीवाल को भाजपा कार्यकर्ताओं ने मूकदर्शक करार दिया।
आप पहले ही इन आरोपों को खारिज कर चुकी है।
आप नेता संजय सिंह ने सोमवार को मीडिया से कहा था, “मामले को इस तरह से पेश किया जा रहा है जैसे कुमार विश्वास के महिला के साथ अवैध संबंध हैं। महिला ने सोशल मीडिया पर उसकी छवि धूमिल करने के लिए खुद चार लोगों के नाम लिए हैं।”
महिला ने 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान अमेठी में कुमार विश्वास के चुनाव प्रचार में भाग लिया था।
dharmpath.com dharmpath