ब्रिजटाउन (बारबाडोस), 5 मई (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले डारेन ब्रावो ने कहा कि जिम्मेदारी के अहसास ने उन्हें ऐसी पारी खेलने के लिए प्रेरित किया।
समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार बाएं हाथ के बल्लेबाज ब्रावो ने 82 रनों की पारी खेली जिसकी बदौलत कैरेबियाई टीम ने किंग्स्टन ओवल में खेले गए इस मैच की चौथी पारी में 192 रनों का लक्ष्य पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।
ब्रावो के अनुसार, “टीम के सीनियर बल्लेबाज के तौर पर मुझे अपनी जिम्मेदारी का अहसास था और मैं साकारात्मक सोच के साथ मैदान में उतरा।”
ब्रावो ने कहा, “निश्चित तौर पर शिवनारायण चंद्रपॉल का विकेट गिरने के बाद हम थोड़ी परेशानी में थे। जर्मेन ब्लैकवुड और मैंने इस दबाव को झेला और अच्छी साझेदारी निभाने में कामयाब रहे। इससे हमारा काम आसान हो गया।”
ब्रावो के अनुसार कैरेबियाई टीम इस मैच से पूर्व श्रृंखला में एक हार के बाद दबाव में थी लेकिन इसके बावजूद जीत हासिल करना अच्छा अनुभव रहा।
dharmpath.com dharmpath