भोपाल, 5 मई (आईएएनएस)। नेपाल में आए भूकंप में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए मंगलवार को मध्य प्रदेश में एक मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राज्य में भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए धन संग्रह अभियान मंगलवार को शुरू हो गया जो 15 मई तक चलेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सड़कों पर उतरकर धन संग्रह किया।
भोपाल के भवानी चौक में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री चौहान ने कहा है कि संकट की घड़ी में पूरे प्रदेश की सामूहिक संवेदना नेपाल भूकंप त्रासदी के प्रभावितों के साथ है। उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि भूकंप पीड़ितों के लिए एक जुट होकर आगे आएं और तन-मन-धन से सहयोग करें।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, “प्रदेश और राष्ट्रों की सीमाएं इंसानों ने बनाई हैं। सारी दुनिया और मानवता एक है। सभी धर्मो में उपासना के तरीके अलग-अलग है, पर ईश्वर एक है। हमारे मित्र राष्ट्र नेपाल सहित देश के पश्चिम बंगाल और बिहार में आये भूकंप से हजारों लोग काल-कवलित हो गए और कई जिंदगियां प्रभावित हुईं। यह समय सामूहिक संवेदना व्यक्त करने का है।”
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भूकंप प्रभावितों की मदद के लिए प्रदेश में मंगलवार से 15 मई तक धन संग्रह का अभियान चलाया जाएगा। अभियान में मुख्यमंत्री राहत कोष में एकत्रित राशि को प्रधानमंत्री राहत कोष में दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने भूकंप प्रभावितों के लिए धन संग्रह के अभियान की शुरुआत की। उन्होंने लखेरापुरा क्षेत्र में भ्रमण कर भूकंप प्रभावितों के लिये धनराशि एकत्रित की। मुख्यमंत्री चौहान को 101 वर्ष के बुजुर्ग मूलचंद ने भूकंप प्रभावितों के लिए 250 रुपये दिए। इसी तरह तीन वर्ष के प्रतीक सोनी ने अपनी गुल्लक की पूरी राशि भेंट की।
मुख्यमंत्री चौहान को इंदौर के हेमंत अत्रीवाल ने पांच लाख पांच हजार 555 रुपये का चेक दिया। इसी तरह सिख समाज की ओर से 51 हजार रुपये, हिंदू उत्सव समिति की ओर से 51 हजार रुपये, राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से 21 हजार रुपये, मुफ्ती अब्दुल रज्जाक की ओर से एक लाख रुपये, सिंधी पंचायत की ओर से एक लाख रुपये दिए।
इसी तरह मध्यप्रदेश राज्य प्रशासनिक सेवा संघ की ओर से एक लाख रुपये, मध्यप्रदेश राजस्व अधिकारी संघ की ओर से एक लाख रुपये, भोपाल चेम्बर ऑफ कॉमर्स की ओर से एक लाख रुपये, आजाद मार्केट वस्त्र व्यवसायी संघ की ओर से 11 हजार रुपये, मुस्लिम एजूकेशन कैरियर सोसायटी की ओर से पांच हजार रुपये, षड्दर्शन साधु संघ की ओर से 51 हजार रुपये तथा पार्षद मनोज राठौर द्वारा एक माह का मानदेय भूकंप प्रभावितों के लिए दिया गया।
dharmpath.com dharmpath