वाशिंगटन, 6 मई (आईएएनएस)। अमेरिका ने क्यूबा को व्यावसायिक यात्री जहाज सेवा का पहला लाइसेंस जारी किया है। इस लाइसेंस के साथ फ्लोरिडा और क्यूबा के बीच यात्रा संचालन शुरू करने के दरवाजे खुल गए हैं। यह जानकारी राजकोष विभाग ने दी।
समाचार एजेंसी एफे की रपट के मुताबिक, विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफएसी) प्रवक्ता हेगेर चेमाली ने मंगलवार को बताया, “ओएफएसी ने यात्री नौका सेवा के लिए लाइसेंस जारी किया है, लेकिन हम इस बारे में जानकारी नहीं दे सकते है कि किसे और कितने लोगों को यह लाइसेंस दिया गया है।”
यह कदम अमेरिका और क्यूबा के बीच संबंध सामान्य करने की प्रक्रिया के तहत उठाया गया है। लाइसेंस जारी होने से अमेरिका ओर क्यूबा के बीच 50 साल के बाद व्यावसायिक समुद्री यात्री मार्गों की स्थापना की अनुमति मिल गई है।
राजकोष विभाग के प्रवक्ता ने बताया, “हालांकि, अमेरिका और क्यूबा के बीच यात्री नौका सेवा अधिकृत करने के लिए कोई सामान्य लाइसेंस जारी नहीं किया गया है। व्यक्तिगत लाइसेंस मामले के आधार पर जारी किए जाएंगे।”
राजकोष विभाग ने लाइसेंस हासिल करने वाली कंपनियों के नाम नहीं बताए हैं। हालांकि दैनिक समाचार पत्र ‘ओरलैंडो सेंटिनल’ ने बताया कि लाइसेंस पाने वाली कंपनियों में फोर्ट लॉडरडेल की हवाना फेरी पार्टनर्स और मेक्सिको की बाजा फेरीज शामिल हैं।
हवाना फेरी के प्रबंधक लियोनार्ड मोएकलिन ने ओरनाल्डो सेंटिनल समाचार पत्र को बताया कि यह अमेरिका-क्यूबा के संबंधों में ऐतिहासिक फैसला है।
सेंटिनल ने बताया कि कंपनियों ने बहुत साल पहले लाइसेंस के लिए निवेदन किया था। कम से कम पांच अन्य कंपनियों ने भी इस लाइसेंस के लिए आवेदन किया था।
dharmpath.com dharmpath