ब्रावो से मिला प्रोत्साहन मददगार रहा : ब्लैकवुड

ब्रिजटाउन (बारबाडोस), 6 मई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज जर्मेन ब्लैकवुड ने कहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट मैच के दौरान बल्लेबाजी करते हुए उन्हें वरिष्ठ साथी खिलाड़ी डारने ब्रावो से खूब प्रोत्साहन मिला, जिससे उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली।

वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी टेस्ट मैच में इंग्लैंड को पांच विकेट से मात दे दी और सीरीज ड्रॉ कराने में कामयाब रहा।

समाचार एजेंसी सीएमसी के अनुसार, ब्लैकवुड ने इस मैच में 47 रनों की नाबाद पारी खेली थी और ब्रावो के साथ 108 रनों की साझेदारी निभाई।

ब्लैकवुड ने पहली पारी में भी टीम के लिए सर्वाधिक 82 रनों की पारी खेली थी।

ब्लैकवुड ने मंगलवार को कहा, “यह बहुत ही खास क्षण था। टीम को जीत तक पहुंचाना बहुत खास अनुभव होता है। बेहतर भूमिका निभाना बेहद अहम होता है। मैं एक-एक कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा था और अंतत: हम जीत गए।”

ब्लैकवुड ने कहा, “वह (ब्रावो) मुझसे बार-बार यही कहते रहे कि बस 10 रन और बनाते हैं और हर बार हम 10-10 रन जोड़ते चले गए। इस तरह हम लगातार छोर बदलते रहे और साथ ही धैर्य भी बनाए रखा।”

ब्लैकवुड को इस मैच में मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इसी टेस्ट सीरीज में ब्लैकवुड ने करियर का पहला टेस्ट शतक भी लगाया और तीनों मैचों में 77.75 के औसत से 311 रन जोड़े।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493