काठमांडू, 7 मई (आईएएनएस)। नेपाल में 25 अप्रैल को आए भूकंप के बाद काठमांडू घाटी की ऊंचाई में 80 सेंटीमीटर की बढ़ोत्तरी हुई है। अधिकारियों ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, सर्वेक्षण विभाग के महानिदेशक मधु सूदन अधिकारी ने कहा, “भूकंप के दौरान भारतीय टेक्टोनिक प्लेट तिब्बती प्लेट की ओर बढ़ गईं, जिसके कारण घाटी की ऊंचाई 80 सेंटीमीटर बढ़ गई।”
विभाग द्वारा किए गए ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम सर्वे के अनुसार, घाटी की ऊंचाई थोड़ी बढ़ गई है।
काठमांडू घाटी की ऊंचाई 7.9 तीव्रता के भूकंप से पहले 1,338 मीटर थी, जो अब थोड़ी और ऊपर हो गई है।
घाटी के चारों ओर पहाड़ों पर स्थित पांच नियंत्रण स्टेशनों से भूकंप के चार दिनों बाद 24 घंटे ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम से यह सर्वेक्षण किया गया।
dharmpath.com dharmpath