बार्सिलोना, 7 मई (आईएएनएस)। स्पेन के अग्रणी क्लब एफसी बार्सिलोना के पूर्व स्ट्राइकर थिएरी हेनरी ने गुरुवार को मौजूदा स्ट्राइकर लियोनेल मेसी की जमकर सराहना करते हुए कहा कि मेसी जब मैच जीतने की सोच लें तो उन्हें रोक पाना असंभव होता है।
कैंप नोऊ में बुधवार को बायर्न म्यूनिख के खिलाफ चैम्पियंस लीग के सेमीफाइनल मुकाबले में मेसी के दो बेहतरीन गोल देखने के बाद हेनरी ने ये बातें कहीं।
मेसी के इन दो गोलों और उनके पास पर नेमार द्वारा किए गए एक गोल की बदौलत बार्सिलोना ने पहले चरण के इस मुकाबले में बायर्न को 3-0 से हरा दिया।
वेबसाइट ‘ईएसपीएनएफसी डॉट कॉम’ ने हेनरी के हवाले से कहा, “वह (मेसी) यह मैच जीतना चाहता था और उसने इसे कर दिखाया। उसे सिर्फ गोलपोस्ट के करीब गेंद मिलने की जरूरत है उसके बाद इतिहास रचने में उसे देर नहीं लगती। हो सकता है कि बायर्न ने मध्यांतर से पहले अपनी पूरी ताकत न लगाई हो, लेकिन मध्यांतर के बाद दोनों टीमों के बीच ज्यादा अंतर नहीं था।”
हेनरी ने कहा, “लेकिन मेसी ने मैच को निर्णायक मोड़ तक पहुंचाया। मैंने उसे अभ्यास करते हुए देखा है और यह अद्भुत था। जब वह परेशान होता है तो पूरे मैदान में दौड़ना शुरू कर देता है। फिर आप कुछ नहीं कर सकते।”
मेसी के साथ खेलते हुए हेनरी बार्सिलोना को 2008-09 में चैम्पियंस लीग जिता चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath