चीन के साथ व्यापार में प्रतिस्पर्धा करेगा भारत : मोदी

न्यूयार्क, 7 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत अंतर्राष्ट्रीय मंच पर चीन के साथ सहयोग करता है और इसके साथ ही वाणिज्य और व्यापार के क्षेत्र में प्रतियोगिता भी करेगा।

टाइम पत्रिका में प्रकाशित साक्षात्कार के मुताबिक मोदी ने यह भी कहा कि 1962 के युद्ध के बाद से दोनों ही देशों ने इतिहास से सबक लिया है।

उन्होंने कहा, “गत करीब तीन दशकों से आज तक जब हम 21वीं सदी में प्रवेश कर चुके हैं, भारत-चीन सीमा पर साधारण तौर पर शांति बनी हुई है।”

मोदी ने कहा, “तीन दशकों में सीमा पर एक भी गोली नहीं चली है। इससे साबित होता है कि दोनों देशों ने इतिहास से सीख ली है।”

मोदी ने स्वीकार किया कि भारत-चीन सीमा के बड़े हिस्से पर अब भी विवाद है।

प्रधानमंत्री ने कहा, “फिर भी, दोनों देशों ने आर्थिक सहयोग सुनिश्चित कर पिछले एक-दो दशकों में परिपक्व ता का परिचय दिया है। यह सहयोग पिछले 20-30 सालों में काफी बढ़ा है और आज दोनों देशों में बड़े पैमाने पर आपसी व्यापार, निवेश और परियोजनाओं के लिए साझेदारी हो रही है।”

उन्होंने कहा, “मौजूदा आर्थिक स्थिति को देखते हुए हम ऐसे मोड़ पर खड़े हैं, जहां हम अंतर्राष्ट्रीय मंच पर सहयोग करते हुए भी वाणिज्य और व्यापार में प्रतियोगिता कर रहे हैं।”

वैश्विक स्तर पर चीन के बढ़ते प्रभाव के बारे में पूछने पर मोदी ने कहा, “मैं मानता हूं कि दुनिया में कोई भी ऐसा देश नहीं है, जो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपना प्रभाव नहीं बढ़ाना चाहेगा, चाहे उसकी आबादी 10 लाख हो या अधिक।”

उन्होंने कहा, “किसी भी देश के लिए यह स्वाभाविक है कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर वह अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश करे।”

मोदी ने कहा, “मैं मानता हूं कि अंतर्राष्ट्रीय नियमों और मानवीय मूल्यों का सम्मान करते हुए और इन दोनों बातों को ध्यान में रखते हुए हर देश को वैश्विक समुदाय के हित के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति और प्रभाव बढ़ाने का हक है।”

टाइम ने मोदी से पूछा कि इस महीने बीजिंग की यात्रा से पहले क्या वे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को कोई विशेष संदेश देना चाहेंगे।

इस पर मोदी ने कहा, “मैं यह मानता हूं कि किसी भी दो देशों का रिश्ता ऐसा होना चाहिए कि एक-दूसरे से संवाद करने के लिए किसी तीसरे पक्ष की जरूरत नहीं होनी चाहिए।”

उन्होंने कहा, “अभी हमारे संबंध का स्तर ऐसा ही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493