लंदन, 8 मई (आईएएनएस)। ब्रिटेन के आम चुनाव में मुख्य पार्टियों कंजरवेटिव पार्टी और लेबर पार्टी के बीच बहुमत को लेकर कांटे की टक्कर चल रही है। मतदान गुरुवार को कराए गए थे। इसके अगले दिन शुक्रवार को मतगणना चल रही है।
हाउस ऑफ कॉमंस में किसी भी पार्टी को बहुमत के लिए 650 में से 326 सीट जीतनी जरूरी हैं।
बीबीसी के रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के नेतृत्व वाली कंजरवेटिव ने अब तक 650 में से 184 सीटें जीत ली हैं।
एड मिलिबैंड की लेबर पार्टी ने अब तक 182 सीटें अपने नाम की हैं, स्कॉटिश नेशनल पार्टी (एसएनपी) को 54, डेमोक्रेटिक यूनियनिस्ट पार्टी को आठ और लिबरल डेमोक्रेट को छह सीटों पर जीत मिली है।
कैमरन ने कहा कि चुनावी नतीजों से ऐसा लग रहा है कि कंजरवेटिव पार्टी मजबूत स्थिति में है और पार्टी को इसके सकारात्मक प्रचार की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
उन्होंने कहा कि कंजरवेटिव ने अपने घोषणापत्र में कामकाजी लोगों को स्थान दिया था और उन्हें उम्मीद है कि वह अपने वादे को पूरा कर पाएंगे।
dharmpath.com dharmpath