हॉकी टेस्ट : जीत की हैट्रिक के साथ सीरीज का समापन चाहेगा भारत

भुवनेश्वर, 8 मई (आईएएनएस)। भारत और जापान की राष्ट्रीय हॉकी टीमों के बीच जारी चार मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला शनिवार को कलिंगा स्टेडियम में खेला जाएगा। मेजबान टीम लगातार तीसरी जीत के साथ सीरीज 3-0 से अपने नाम करना चाहेगी।

भुवनेश्वर, 8 मई (आईएएनएस)। भारत और जापान की राष्ट्रीय हॉकी टीमों के बीच जारी चार मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला शनिवार को कलिंगा स्टेडियम में खेला जाएगा। मेजबान टीम लगातार तीसरी जीत के साथ सीरीज 3-0 से अपने नाम करना चाहेगी।

सीरीज के पहले मुकाबले में विश्व की 16वीं वरीयता प्राप्त जापान की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए नौवीं वरीयता प्राप्त भारतीय टीम को 1-1 की बराबरी पर रोक दिया था। उसके बाद हालांकि मेजबान टीम ने लगातार दो मैच जीतते हुए सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

भारत ने दूसरे मुकाबले में जापान को 2-0 से और फिर तीसरे मुकाबले में 2-1 से हराया। जापान की टीम दूसरे मुकाबले में आत्मविश्वास की कमी से जूझती दिखी, लेकिन तीसरे मुकाबले में वह एक बार फिर आत्मबल से लवरेज नजर आई।

यह स्थिति भारत के लिए सावधान रहने की है, क्योंकि जापानी टीम अपने विश्व वरीयता क्रम से कहीं बेहतर है और दमखम मे भारत के बराबरी की है। यह अलग बात है कि यूरोपीय शैली की हॉकी खेलने वाली जापानी टीम रणनीति के लिहाज से मेजबान टीम से पिछड़ जा रही है, लेकिन उसने कभी भी भारत को खुलकर गोल करने का मौका नहीं दिया।

जहां तक भारत की बात है तो इस सीरीज के लिए कोच पॉल वैन ऐस ने 23 खिलाड़ियों का चयन किया और लगभग सभी को बारी-बारी से आजमाया है। एफआईएच वल्र्ड हॉकी लीग सेमीफाइनल के लिए तैयारियों में जुटी भारतीय टीम के कोच को उस टूर्नामेंट के लिए एक अच्छी टीम की जरूरत है और इसी कारण वह एक बड़े पूल के साथ अपनी रणनीति को अमली जामा पहनाने में लगे हुए हैं।

भारत की ताकत उसके मिडफील्डर हैं और इन खिलाड़ियों ने जापान को कभी भी अपने डी में चहलकदमी नहीं करने दिया। पेनाल्टी कार्नर को लेकर भारत को काम करने की जरूरत है और कोच भी यह कई बार कह चुके हैं। वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल में भारत का सामना जिस स्तर की टीमों के साथ होना है, उन्हें देखते हुए यह कला काफी कारगर साबित हो सकती है।

जापान की टीम भी वर्ल्ड हॉकी लीग सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुकी है और इस लिहाज से उसके लिए भारत के साथ जारी सीरीज काफी अहम है। वह भारत के सकारात्मक परिणाम लेकर जाना चाहेगी और इस क्रम में वह शनिवार को हर हाल में जीत के लिए खेलेगी।

देश में हॉकी के नए गढ़ के तौर पर उभरे भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में जारी इस सीरीज को लेकर हॉकी प्रेमियों में भी खासा उत्साह है। अब तक हुए तीन मैचों में औसत दो से तीन हजार दर्शकों ने स्टेडियम का रुख किया है। हॉकी इंडिया लीग टीम कलिंगा लांसर्स के इस घरेलू मैदान की क्षमता 5000 दर्शकों की है।

चौथा टेस्ट मैच शाम सात बजे से खेला जाना है। इसका सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर होगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493