‘इंडिया अनलिमिटेड’ का दूसरा संस्करण स्वीडन में शुरू

स्टॉकहोम, 8 मई, 2015 (आईएएनएस)। ‘इंडिया अनलिमिटेड’ भारत और स्वीडन के बीच आर्थिक और सामाजिक गठजोड़ को मजबूत करने का एक मंच है। ‘इंडिया अनलिमिटेड’ के दूसरे संस्करण की शुरुआत गुरुवार को स्टॉकहोम में दूसरे भारतीय फिल्म फेस्टिवल ‘सिनेमा इंडियन’ के साथ हुई। यह आयोजन 31 जुलाई तक चलेगा।

तीन महीने तक चलने वाले ‘इंडिया अनलिमिटेड’ कार्यक्रम में दोनों देशों से कारोबार, सरकार और शिक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ एक मंच पर तकनीक और सेवा, नवाचार, लैंगिक विविधता, स्मार्ट सिटी और भारत सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ प्रयास जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

जारी एक बयान के अनुसार, फिल्म फेस्टिवल में आठ उत्कृष्ट फीचर फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिन्हें हाल ही में भारतीय फिल्म जगत में काफी सराहना मिली है। ये फिल्में ‘मार्गरीटा विद ए स्ट्रॉ’, ‘आंखों देखी’, ‘फाइंडिंग फैनी’, ‘लायर्स डाइस’, ‘मैरीकॉम’, ‘ताशे देश’, ‘किला’, ‘ओपन टी बायोस्कोप’ हैं।

बयान के अनुसार, प्रत्येक फिल्म के प्रदर्शन के बाद भारतीय फिल्मी जगत की जानी मानी हस्तियों के बीच सामूहिक चर्चा भी होगी। इनमें अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, निर्देशिका सोनाली बोस, निर्देशक अनिंद्य चटर्जी और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम की प्रबंध निदेशक नीना गुप्ता प्रमुख हैं।

स्वीडन में भारत की राजदूत बनाश्री बोस हैरिसन ने कहा, “इंडिया अनलिमिटेड उन सभी क्षेत्रों में भारत-स्वीडन संबंधों को मजबूती देना चाहता है जिसमें दोनों देशों को लाभ हो। संगोष्ठी और प्रदर्शनी के जरिये इसका विशेष जोर आर्थिक संबंधों और दोनों देशों के लोगों के आपसी रिश्तों को मजबूत करने की ओर है।”

‘इंडिया अनलिमिटेड’ एक ऐसा मंच है जो उन सभी क्षेत्रों में भारत-स्वीडन के रिश्तों और गठजोड़ को मजबूत करना चाहता है जिससे दोनों देशों को लाभ हो।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493