नई दिल्ली, 8 मई (आईएएनएस)। लोकसभा के एक सदस्य ने भीम राव अंबेडकर की 125जयंती की स्मृति में संसद का एक विशेष सत्र आहूत करने की मांग की।
ओडिशा से बीजू जनता दल (बीजद) के सांसद तथागत सतपति ने शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाया, जब अन्य सदस्य लोकसभा के मौजूदा सत्र की अवधि 13 मई तक बढ़ाने के सरकार के फैसले पर चर्चा कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “हम बी.आर.अंबेडकर की 125जयंती मना रहे हैं। मैं सरकार से अपील करूंगा कि उनकी याद में एक विशेष सत्र बुलाया जाए, जो कि हमारे संविधान के जनक को बड़ी श्रद्धांजलि होगी।”
बीजद सदस्य की मांग का शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के सदस्य प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने समर्थन किया। उन्होंने यह मांग भी की कि अंबेडकर के चित्र देश की सभी अदालतों में लगाना अनिवार्य कर दिया जाए।
अंबेडकर एक कानूनविद, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक थे, जिन्होंने दलितों, महिलाओं तथा श्रमिकों के साथ होने वाले सामाजिक भेदभाव के खिलाफ अभियान छेड़ा था।
dharmpath.com dharmpath