मप्र : गायत्री परिवार ने की 75 पहाड़ियां हरी-भरी

भोपाल, 8 मई (आईएएनएस)। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा पर्यावरण सुधार के लिए चलाए जा रहे वृक्ष गंगा अभियान के तहत मध्य प्रदेश में एक लाख वृक्ष लगाए गए हैं, जो जीवित है और मूर्तरूप भी लेने लगे हैं। इस अभियान से राज्य की 75 पहाड़ियां हरी-भरी हो गई हैं।

शान्तिकुंज के सप्त आंदोलन एवं युवा प्रकोष्ठ कार्यालय के राष्ट्रीय प्रभारी केदार प्रसाद दुबे ने बताया कि वृक्ष गंगा अभियान एक अनूठा अभियान है। यह सिर्फ पेड़ लगाने का अभियान मात्र नहीं है वरन् पर्यावरण हितैषी वृक्ष लगाना एवं उनका पूरा संरक्षण इस अभियान की विशेषता है। इसके अंतर्गत शोभा के पौधे नहीं लगाए जाते हैं वरन् औषधीय महत्व के घने-छायादार, फलदार पेड़ लगाए जाते हैं। इस अभियान में अब तक देश में लगभग एक करोड़ वृक्ष लगाये जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि वृक्ष गंगा अभियान से कई स्थानों की तस्वीर ही बदल गई है।

मध्य प्रदेश में इस अभियान के तहत एक लाख वृक्ष रोपित किए गए है। खण्डवा, बुरहानपुर, सेंधवा, इन्दौर, भोपाल, सीधी आदि स्थानों में इस अभियान के तहत विशेष कार्य हुआ है।

बुरहानपुर के युवा कार्यकर्ता मनोज तिवारी ने बताया कि इस दिशा में एक नया प्रयोग आरंभ किया गया जिसके अंतर्गत गांवों के आसपास वीरान पड़ी छोटी-छोटी पहाड़ियों को गोद लेकर उनको हरा भरा किया जाता है। इसके अंतर्गत मध्य प्रदेश में 75 और बुरहानपुर में पांच पहाड़ियों को हरा भरा किया गया है।

इस संस्था के संस्थापक पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्म शताब्दी पर संस्था के प्रमुख डा. प्रणव पण्ड्या ने देश भर में एक करोड़ वृक्ष लगाने का संकल्प लिया था। इस संकल्प को सफलतापूर्वक पूरा करने का दावा किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493