छत्तीसगढ़ : प्रधानमंत्री के सभास्थल का पंडाल गिरा, 55 लोग घायल (फोटो सहित)

रायपुर, 8 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के नया रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शनिवार को होने वाली जनसभा स्थल पर बनाया गया विशाल पंडाल शुक्रवार को दोपहर में आई आंधी में गिर गया। पंडाल को थामने के लिए बनाए गए लोहे के ढांचे भी गिर गए, जिससे 42 पुलिसकर्मियों सहित 55 लोग घायल हो गए।

इस हादसे के बाद मोदी की रायपुर में होने वाली सभा रद्द कर दी गई है। हालांकि दंतेवाड़ा में होने वाले उनके कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया गया है।

घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मीडिया को प्रधानमंत्री की जनसभा रद्द होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंडाल को दोबारा बनाना कुछ घंटों में संभव नहीं है, पंडाल गिरने की जांच की जाएगी।

नया रायपुर में दोपहर करीब तीन बजे आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभास्थल के आसपास तैनात करीब पांच सौ जवान और पंडाल लगाने में जुटे मजदूर टेंट के अंदर घुस गए। हवाएं काफी तेज चल रही थीं। पंडाल के लिए लगाए गए लोहे के फ्रेम जोर-जोर से हिलने लगे और अचानक गिर गए। लोहे के बड़े-बड़े पाइपों की चपेट में आने से 55 लोग घायल हो गए।

घायलों का इलाज शहर के तीन बड़े अस्पतालों में चल रहा है। घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। किसी के सिर पर गंभीर चोट है तो किसी का पैर जख्मी हो गया है। कई लोगों के शरीर में गंभीर चोटें और फ्रैक्चर होने की खबर है। गंभीर रूप से घायल लोगों का ऑपरेशन किया जा रहा है।

अंबेडकर अस्पताल : 12 घायल भर्ती, इनमें 7 पुलिसकर्मी (2 लेडी कांस्टेबल) और 5 सिविलियन शामिल हैं।

रामकृष्ण केयर अस्पताल : 19 घायल भर्ती, इनमें 15 पुलिसकर्मी और चार सिविलियन शामिल हैं।

एमएमआई अस्पताल : 15 घायल भर्ती (सभी पुलिसकर्मी, 9 महिला कांस्टेबल शामिल)। अन्य 11 घायलों को अभनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493