कोपहेगन, 9 मई (आईएएनएस)। डेनमार्क की राजधानी कोपहेगन में बस कंपनी के गैराज में खड़ी चार बसों को आग के हवाले कर दिया गया। आधिकारियों ने इसे जानबूझकर नुकसान पहुंचाने का मामला होने की आशंका जताई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कोपहेगन के ओएस्टरब्रो जिले में शुक्रवार को बस कंपनी अराइवा के पार्किं ग गैराज में हुई आगजनी में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने शनिवार को एक रपट में बताया कि पुलिस अभी इस बात की जांच कर रही है कि बसों में आगजनी किस प्रयोजन से की गई थी।
पुलिस प्रवक्ता क्रिस्टियन आसकोव ने स्थानीय समाचार-पत्र ‘पॉलिटिकेन’ को बताया, “खड़ी बसों में आम तौर पर अपने आप आग नहीं लगती। इसलिए हमारे पास यह मानने के कारण हैं कि बसों में आग लगाई गई है।”
डेनमार्क की मीडिया ने इस घटना का संबंध एक विवादास्पद विज्ञापन से जोड़ा है, जिसमें इजरायली उपनिवेश के सामानों का बहिष्कार करने का आह्वान किया गया है।
हालांकि, पिछले सप्ताह राजधानी क्षेत्र में 35 बसों से ये विज्ञापन हटा लिए गए थे।
dharmpath.com dharmpath