नई दिल्ली, 9 नई (आईएएनएस)। दिल्ली मेट्रो के संचालन (ऑपरेशन) व रखरखाव (मेनटेनेंस) विभाग के कर्मचारियों का सांकेतिक प्रदर्शन शनिवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। मेट्रो चालक बांह पर काला रिबन लगाकर मेट्रो चला रहे हैं। उन्होंने मंगलवार से अनशन करने की चेतावनी भी दी है।
मेट्रोकर्मी वेतन एवं भत्ते में वृद्धि, नौकरी की सुरक्षा की गारंटी सहित कई मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि मेट्रो के अधिशासी और गैर अधिशासी कर्मचारियों के वेतन और भत्ते में भारी अंतर है।
मेट्रो चालक पांच मई से काला रिबन लगा कर मेट्रो चला रहे हैं और सात मई से मेट्रो का एक चक्र पूरा करने के बाद रेस्ट रूम में आराम करने की जगह प्लेटफॉर्म पर ही शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रदर्शन दिल्ली मेट्रो के उन सभी स्टेशनों पर हो रहा है, जहां मेट्रो के रेस्ट रूम हैं।
दल्ली मेट्रो स्टाफ काउंसिल के सचिव अनिल महतो ने आईएएनएस को बताया, “दिल्ली मेट्रो में छठा वेतन आयोग सही तरीके से लागू नहीं हो पाया है। अधिशासी कर्मचारियों का जहां आवास भत्ता 25,000 रुपये हैं, वहीं गैर अधिशासी कर्मचारियों को दिल्ली जैसे महंगे शहर में 3,000 आवास भत्ता मिलता है।”
उन्होंने कहा, “हम दोनों वर्ग के कर्मचारियों के लिए वेतन और भत्ते में समान नियमों का पालन किए जाने की मांग कर रहे हैं, और अगर हमारी बात नहीं सुनी गई तो हम मंगलवार से भूख हड़ताल पर जाएंगे।”
उन्होंने डीएमआरसी अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए हैं।
dharmpath.com dharmpath