महिला का आरोप है कि पिछड़ी जाति के युवक से शादी करने के कारण उसके चाचा एवं अन्य रिश्तेदार उसकी और उसके पति की जान के दुश्मन बन गए हैं। दबंग परिजनों की पुलिस से सांठगांठ के चलते उसके पति और ससुरालीजनों पर जबरन मुकदमे भी दर्ज कराए गए हैं।
दुखद यह है कि प्रताड़ना से तंग इस महिला के पति ने भी उससे नाता तोड़ लिया है।
रायबरेली के हरचंदपुर निवासिनी माधुरी सिंह के पिता की वर्षों पूर्व मौत हो चुकी है। माधुरी ने हरचंदपुर निवासी सुनील कुमार लोध से कुछ वर्षों पूर्व शादी की थी। उसका कहना है कि उसके चाचा कृष्ण पाल सिंह, भारत सिंह, फूफा रणजीत सिंह और कृणपाल के साढ़ू अवधेश सिंह सुनील से शादी को लेकर खिलाफ थे।
माधुरी के अनुसार, इसी के चलते दबंगों ने उसकी मां जानकी सिंह पर भी 6 मई को हमला करवाया था, जिसमें इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
उसका आरोप है कि पुलिस से मिलीभगत के चलते मामला दबा दिया गया था। इसके बाद लगातार माधुरी के रिश्तेदार उसे और उसके पति को परेशान करने लगे। दबंग रिश्तेदारों ने पुलिस से सांठगांठ कर गोसाईगंज थाने में पति सुनील, जेठ, देवर और ससुर पर शांति भंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस लगातार उन्हें परेशान करने लगी।
इसी बीच कैंट थाने में भी माधुरी और सुनील पर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। उनका एक मकान आलमबाग क्षेत्र में भी था। आरोप है कि इस मकान पर माधुरी के दबंग रिश्तेदारों ने जबरन कब्जा कर लिया। इस बाबत माधुरी ने आलमबाग थाने में दबंग रिश्तेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कराया, लेकिन रसूख का फायदा उठाकर दबंगों ने मामला दबवा दिया।
माधुरी के अनुसार, उसके दबंग और आपराधिक प्रवत्ति के रिश्तेदार लगातार उसके पति और ससुरालीजनों को परेशान कर रहे थे। इसी प्रताड़ना से तंग आकर सुनील ने भी माधुरी का साथ छोड़ दिया। माधुरी गर्भवती है, फिर भी सुनील ने न्यायालय में तलाक की अर्जी दे दी है।
माधुरी का कहना है कि इन सब स्थितियों के जिम्मेदार उसके चाचा और अन्य रिश्तेदार हैं। ऐसे में उसने मुख्यमंत्री समेत कई अधिकारियों को इस बाबत पत्र लिखा। उसने लचर और भ्रष्ट कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए 9 जून को आत्मदाह की धमकी दी है।
माधुरी के अनुसार, उसके चाचा कृष्णपाल सिंह के खिलाफ रायबरेली और लखनऊ में करीब 59 मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्ष 1999 के हत्या के एक मामले में जमानत पर छूटा है। वहीं दूसरे चाचा भारत सिंह के खिलाफ भी रायबरेली और लखनऊ के कई थानों में मारपीट, छेड़छाड़, गुंडा एक्ट, धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
माधुरी का कहना है कि उसके रिश्तेदारों की अपराधिक प्रवृत्ति और पुलिस से सांठगांठ के कारण उसे लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। युवा मुख्यमंत्री उसकी दशा और व्यथा पर तनिक ध्यान दें।
dharmpath.com dharmpath