जनता परिवार का महाविलय सही समय पर होगा : नीतीश

पटना, 11 मई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यहां सोमवार को कहा कि जनता परिवार में महाविलय निश्चित तौर पर होगा परंतु सही समय आने पर होगा। उन्होंने इस मौके पर कबीर का दोहा सुनाते हुए कहा कि ‘माली सींचे सौ घड़ा, ऋतु आए फल होए।’

पटना में आयोजित ‘जनता दरबार में मुख्यमंत्री’ कार्यक्रम के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में नीतीश ने कहा, “महाविलय का अभी सही समय नहीं आया है। सभी दलों का मन मिल गया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को अध्यक्ष मान लिया गया है।”

उन्होंने आगे कहा, “विलय की बात सकारात्मक तरीके से चल रही है। धैर्य रखने की जरूरत है। दलों में दोस्ताना रिश्ता बन चुका है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस महाविलय से डर गई है। फिलहाल विलय नहीं होने पर भाजपा की खुशी से इस बात का पता चल रहा है कि भाजपा कितना भयभीत है।

नीतीश ने भूमि अधिग्रहण विधेयक पर कहा कि इस कानून को प्रधानमंत्री को प्रतिष्ठा का प्रश्न नहीं बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “वर्ष 2013 के कानून को अभी लागू कर देना चाहिए। विधेयक में इस बात का जिक्र है कि एक साल की स्थिति के अनुसार इसमें बदलाव किया जाना चाहिए। एक साल के बाद बदलाव पर विचार करना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493