मोहाली (पंजाब), 11 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) क्लब किंग्स इलेवन पंजाब ने सोमवार को अपने गेंदबाज मिशेल जानसन और बल्लेबाज शान मार्श को अपने देश आस्ट्रेलिया जाने के लिए मुक्त कर दिया, जिससे कि वे वेस्टइंडीज के साथ होने वाली सीरीज के लिए तैयारी कर सकें।
किंग्स इलेवन पंजाब ने एक बयान में कहा, “हमने अपने दो खिलाड़ियों शान मार्श और मिशेल जानसन को स्वदेश जाकर वेस्टइंडीज के साथ होने वाली सीरीज के लिए तैयारियां करने के लिए मुक्त कर दिया।”
“दोनों खिलाड़ी हमारे लिए काफी अहम रहे हैं और इस दिशा में हम अपने खिलाड़ियों के फैसलों का सम्मान करते हैं।”
किंग्स इलेवन टीम आठ टीमों की तालिका में सबसे नीचे है। उसे 11 मैचों में से सिर्फ दो में जीत मिली है और वह अब प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है।
जार्ज बेले के नेतृत्व वाली टीम ने कहा है कि जानसन और मार्श के जाने के बाद भी उनकी टीम काफी दमदार है।
किंग्स इलेवन को अब पांचवें स्थान पर काबिज सनराइजर्स हैदराबाद के साथ सोमवार को खेलना है।
dharmpath.com dharmpath