मेड्रिड, 11 मई (आईएएनएस)। कभी टेनिस जगत में सबसे चर्चित नाम माने जाने वाले स्पेन के राफेल नडाल ने मेड्रिड ओपन के दौरान अपने खेल में सुधार के संकेत किए लेकिन खिताब बचा नहीं पाने के कारण उन्हें 400 एटीपी अंकों का नुकसान हुआ। इस कारण वह एटीपी रैकिंग में बीते 10 साल में सबसे निचले क्रम पर पहुंच गए हैं।
सोमवार को जारी ताजातरीन रैंकिंग में नडाल सातवें क्रम पर हैं। मेड्रिड ओपन फाइनल खेलने के बावजूद नडाल को तीन स्थान का नुकसान हुआ है। सर्बिया के नोवाक जोकोविक 13, 845 अंकों के साथ लगातार 146वें सप्ताह शीर्ष पर बने हुए हैं।
स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर 8, 645 अंकों के साथ दूसरे जबकि स्कॉटलैंड के एंडी मरे 7130 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। शीर्ष तीन स्थान पर काबिज खिलाड़ियों की रैकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
नडाल बाते सप्ताह 5390 अंकों के साथ चौथे स्थान पर काबिज थे लेकिन अब वह 4990 अंकों के साथ सातवें स्थान पर खिसक गए हैं।
नडाल के हमवतन डेविड फेरर 4310 अंकों के साथ आठवें पायदान पर हैं।
स्विट्जरलैंड के स्टानिसलास वावरिंका 3,575 अंकों के साथ नौवें पायदान पर बने हुए हैं। क्रोएशिया के मारिन सिलिक 10वें क्रम पर हैं।
जापान के केई निशिकोरी को एक स्थान का नुकसान हुआ है। वह छठे स्थान पर खिसक गए हैं जबकि कनाडा के मिलोस राओनिक को दो स्थान का फायदा हुआ है। वह चौथे स्थान पर हैं। चेक गणराज्य के थॉमस बर्डिक को भी दो स्थान का फायदा हुआ है। वह पांचवें स्थान पर हैं।
dharmpath.com dharmpath