लखनऊ, 11 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने भारत के मोस्ट वांटेड आतंकवादी दाऊद इब्राहिम के बारे में फिर अपना पुराना राग अलापा है। भारत में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने कहा है, “ये साहब (दाऊद इब्रहिम) पाकिस्तान में नहीं हैं, मैं इतना ही कह सकता हूं।”
लखनऊ पहुंचे बासित ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भी मुलाकात की।
गौरतलब है कि भारत द्वारा बार-बार सबूत पेश किए जाने के बाद भी पाकिस्तान इस बात से इनकार करता रहा है कि दाऊद उसकी शरण में है।
इससे पूर्व संसद में सोमवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट कहा कि दाऊद इब्राहिम पाकिस्तान में ही है। इस बात में शक की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत इस बारे में पाकिस्तान को कई बार सबूत भी पेश कर चुका है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ‘चाहे जो भी हो हम दाऊद को जरूर वापस लाएंगे।’
यहां एक कार्यक्रम में पहुंचे बासित ने कहा कि भारत व पड़ोसी पाकिस्तान के बीच लगातार बातचीत से ही शांति हासिल होगी। पाकिस्तान के उच्चायुक्त ने भारत व पाकिस्तान के संबंधों पर कहा कि चीजें एक रात में नहीं बदल सकतीं।
लखनऊ में फिक्की के एक कार्यक्रम में उद्योग जगत से मुखातिब अब्दुल बासित ने माना कि कहीं पर भी शांति सिर्फ बातचीत से ही हासिल की जा सकती है।
बासित ने कहा कि दोनों जगहों पर चीजें एक रात में नहीं बदल सकतीं, ऐसे में दोनों मुल्कों के दरम्यान लगातार वार्ता जरूरी है।
उन्होंने कहा, “दोनों मुल्कों के लोगों को आसानी से वीजा मिलना चाहिए। सीमित कारोबार से बात बनने वाली नहीं है, हमें इससे एक कदम आगे जाना होगा। साथ ही इसे बगैर रुकावट जारी भी रखना होगा।”
लखनऊ की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि वह अपने ही देश के किसी शहर में आए हुए हैं। उन्होंने कहा, “लखनऊ आकर मुझे घर जैसा अहसास हो रहा है।”
dharmpath.com dharmpath