नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। देश की औद्योगिक उत्पादन विकास दर मार्च 2015 में 2.1 फीसदी रही। यह जानकारी मंगलवार को जारी एक सरकारी आंकड़े से मिली।
औद्योगिक उत्पादन सूचकांक के आधार पर मापी जाने वाली औद्योगिक गतिविधि फरवरी महीने में पांच फीसदी बढ़ी थी।
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पूरे कारोबारी वर्ष 2014-15 के लिए यह दर 2.8 फीसदी रही, जो 2013-14 में नकारात्मक 0.1 फीसदी रही थी।
आंकड़ों के मुताबिक, विनिर्माण गतिविधियों में गिरावट के कारण औद्योगिक विकास दर कम रही है। मार्च महीने में विनिर्माण क्षेत्र की विकास दर 2.2 फीसदी रही, जो फरवरी में 5.2 फीसदी रही थी।
खनन क्षेत्र की विकास दर 0.9 फीसदी रही, जो फरवरी में 1.9 फीसदी थी। इसी अवधि में बिजली उत्पादन क्षेत्र की विकास दर दो फीसदी रही, जो फरवरी में 5.9 फीसदी थी।
पूरे कारोबारी वर्ष 2014-15 के लिए विनिर्माण क्षेत्र की विकास दर 2.3 फीसदी, खनन क्षेत्र की विकास दर 1.4 फीसदी और बिजली क्षेत्र के लिए यह 8.4 फीसदी रही। 2013-14 में यह दर क्रमश: नकारात्मक 0.8 फीसदी, नकारात्मक 0.6 फीसदी और 6.1 फीसदी थी।
dharmpath.com dharmpath