नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह एक पुलिसकर्मी की तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर एक फ्लाईओवर पर काम कर रहीं तीन महिला सफाईकर्मियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस में उप-निरीक्षक ऋषिपाल को लापरवाही से गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया, हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार के ब्रेक फेल हो जाने के कारण पुलिसकर्मी का वाहन से नियंत्रण हट गया था।
दुर्घटना दक्षिणी दिल्ली में महरौली-बदरपुर फ्लाइओवर पर सुबह 9.30 बजे घटी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिसकर्मी ने ब्रेक फेल होने के कारण वाहन पर नियंत्रण खो दिया था, जिसके बाद कार फ्लाईओवर पर काम कर रहीं महिला सफाईकर्मियों से जा टकराई।
एक प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार ने एक-एक कर तीनों महिलाओं को पीछे से धक्का मारा और एक महिला कार के साथ काफी दूर तक घिसटती चली गई।
तीनों पीड़िताओं की पहचान 55 वर्षीय मीरा, 55 वर्षीय शकुंतला और 28 वर्षीय माया के रूप में कर ली गई है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “मीरा की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाओं ने जख्म अधिक होने के कारण अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उप-निरीक्षक ऋषिपाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उन्हें मौका-ए-वारदात से ही गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की जांच चल रही है।”
अधिकारी ने बताया कि ऋषिपाल रात्रि पहर की अपनी ड्यूटी पूरी कर फरीदाबाद अपने घर जा रहा था, जब यह दुर्घटना घटी।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के समय फ्लाईओवर पर छह सफाईकर्मी काम कर रहे थे, जिनमें चार महिलाएं थीं।
dharmpath.com dharmpath